बदरवास को मिल सकता है रजिस्ट्रार कार्यालय, उपमुख्यमंत्री से मिले भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेन्द्र शर्मा

भोपाल। बदरवास क्षेत्र के लोगों को जल्द ही रजिस्ट्रार कार्यालय की सुविधा मिल सकती है। इसी मांग को लेकर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेन्द्र शर्मा ने सोमवार को प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा से मुलाकात की। शर्मा ने उपमुख्यमंत्री के समक्ष बदरवास में रजिस्ट्रार कार्यालय खोलने की आवश्यकता को प्रमुखता से रखा।

भाजपा नेता सुरेन्द्र शर्मा ने कहा कि बदरवास में रजिस्ट्रार कार्यालय नहीं होने के कारण स्थानीय नागरिकों को रजिस्ट्री कराने के लिए कोलारस जाना पड़ता है। इससे आमजन को समय, धन और संसाधनों की अनावश्यक परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने बताया कि बदरवास विकासखंड के अंतर्गत बदरवास और रन्नौद दो तहसीलें आती हैं, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में भूमि रजिस्ट्रियों का कार्य होता है।

शर्मा ने कहा कि यदि बदरवास में रजिस्ट्रार कार्यालय खोला जाता है तो न केवल स्थानीय लोगों को राहत मिलेगी, बल्कि प्रशासनिक कार्यों में भी तेजी आएगी और क्षेत्र के विकास को बढ़ावा मिलेगा। उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने इस मांग पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.