भोपाल। मुख्यमंत्री दुधारू पशु योजना के तहत अशोकनगर जिले में भैंस वितरण में बड़े घोटाले का मामला सामने आया है। इस गंभीर प्रकरण पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने संज्ञान लेते हुए कलेक्टर को तत्काल जांच के निर्देश दिए हैं।
मामला तब उजागर हुआ जब श्याम शर्मा नामक युवक ने योजना के अंतर्गत 45 भैंसों के वितरण में गड़बड़ी के आरोप ठोस सबूतों के साथ सामने रखे। युवक का आरोप है कि योजना के तहत कुछ आदिवासी हितग्राहियों को ही भैंसें दी गईं, जबकि शेष भैंसें कथित रूप से घोटाले की भेंट चढ़ गईं।
श्याम शर्मा द्वारा मामले को सामने लाए जाने के बाद केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने न केवल पूरे प्रकरण को गंभीरता से लिया, बल्कि घोटाला उजागर करने वाले युवक की खुले तौर पर सराहना भी की। उन्होंने आश्वासन दिया कि जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल जिला प्रशासन पूरे मामले की गहन जांच में जुटा हुआ है। जांच रिपोर्ट के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि योजना में कितनी बड़ी अनियमितता हुई है और जिम्मेदार कौन हैं। इस घटना के सामने आने के बाद जिले में सरकारी योजनाओं की पारदर्शिता को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं।