पोहरी। शिवपुरी जिले के पोहरी में शिवपुरी-श्योपुर हाईवे किनारे बने नव निर्मित तालाब में बुधवार दोपहर एक युवक के डूबने की घटना सामने आई है। डूबने वाला युवक रंजीत धानुक (29) पुत्र स्व. ब्रजमोहन धानुक, निवासी किला पोहरी बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार रंजीत अपने पड़ोस में रहने वाले बच्चे कान्हा के साथ तालाब पर गया था। बताया जा रहा है कि वह नहाने के लिए तालाब में उतरा और आधा तालाब पार करने के दौरान अचानक गहरे पानी में चला गया, जिससे वह डूब गया। मौके पर मौजूद बच्चे कान्हा ने घटना देख तत्काल परिजनों को सूचना दी।
सूचना मिलते ही परिजन और पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में एसडीईआरएफ की टीम को बुलाया गया, जिसने करीब तीन घंटे तक लगातार तालाब में सर्चिंग अभियान चलाया। हालांकि समाचार लिखे जाने तक युवक का कोई सुराग नहीं लग सका था। बताया जा रहा है कि देर शाम तक तलाश के बाद टीम वापस लौट गई, जबकि आगे की कार्रवाई के लिए प्रयास जारी हैं।