भक्ति की बारात में बंदूक का प्रदर्शन! घोड़ी पर विधायक बाबू जंडेल की हर्ष फायरिंग, वीडियो से मचा बवाल

समर्थकों ने भी दागीं गोलियां, सोशल मीडिया पर खुद डाली रील, आस्था के बीच हथियारों का तमाशा


श्योपुर। महाशिवरात्रि के मौके पर जहां शिव बारात में भक्ति और श्रद्धा की झलक दिखनी चाहिए थी, वहीं श्योपुर जिले के बड़ौदा क्षेत्र के ग्राम मुंडला में नजारा कुछ और ही देखने को मिला। शिव-पार्वती प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के दौरान निकली बारात में दूल्हे की जगह घोड़ी पर सवार विधायक बाबू जंडेल बंदूक से हर्ष फायरिंग करते नजर आए। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है और सवालों की झड़ी लगा रहा है।

रविवार 15 फरवरी को निकाली गई इस पारंपरिक बारात में सैकड़ों श्रद्धालु शामिल थे। धार्मिक माहौल के बीच विधायक जंडेल खुलेआम बंदूक से फायर करते दिखाई दिए, वहीं उनके समर्थक भी पीछे नहीं रहे और गोलियां चलाते नजर आए। मौके पर मौजूद लोगों ने पूरे घटनाक्रम को मोबाइल में कैद कर लिया।

चौंकाने वाली बात यह रही कि वायरल वीडियो सिर्फ लोगों के कैमरों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि विधायक के सोशल मीडिया हैंडल से ही इसकी रील पोस्ट कर दी गई। इसके बाद मामला चर्चा और आलोचना का विषय बन गया है। आस्था के आयोजन में हथियारों के प्रदर्शन ने सुरक्षा और जिम्मेदारी दोनों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब निगाहें प्रशासन पर टिक गई हैं कि वायरल वीडियो पर कार्रवाई होती है या मामला यूं ही ठंडे बस्ते में डाल दिया जाता है।


Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.