तालाब में नहाने गया युवक बना हादसे का शिकार, रविवार सुबह तैरता मिला शव


पोहरी। शिवपुरी जिले के पोहरी कस्बे में शिवपुरी-श्योपुर हाईवे किनारे बने नव निर्मित तालाब में डूबे युवक का शव चार दिन बाद रविवार सुबह तालाब में पानी के ऊपर तैरता हुआ दिखाई दिया। शव मिलते ही प्रशासन ने रेस्क्यू ऑपरेशन समाप्त कर दिया और पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

जानकारी के अनुसार किला पोहरी निवासी 29 वर्षीय रंजीत धानुक पुत्र स्व. ब्रजमोहन धानुक बुधवार दोपहर पड़ोस में रहने वाले बालक कान्हा के साथ तालाब पर गया था। नहाने के दौरान वह आधा तालाब पार करने के बाद अचानक गहरे पानी में चला गया और डूब गया। घटना को साथ गए बच्चे ने देख लिया और तत्काल परिजनों को सूचना दी।

सूचना मिलते ही परिजन और पुलिस मौके पर पहुंच गए थे। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम को बुलाकर लगातार सर्चिंग कराई जा रही थी। थाना प्रभारी नरेंद्र कुशवाह, पुलिस बल, एसडीआरएफ के अधिकारी, जवान और स्थानीय गोताखोर पिछले तीन दिनों से तालाब के अलग-अलग हिस्सों में गहराई तक तलाश करते रहे, लेकिन युवक का कोई सुराग नहीं लग सका था। शुक्रवार को भी डीप डाइविंग किट के साथ सर्चिंग की गई, मगर सफलता हाथ नहीं लगी।

रविवार सुबह अचानक युवक का शव तालाब में ऊपर तैरता नजर आया, जिसके बाद मौके पर मौजूद पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। घटना स्थल पर मौजूद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। 

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.