सीहोर। विश्व प्रसिद्ध कुबेरेश्वर धाम में 14 से 20 फरवरी तक आयोजित होने वाले रुद्राक्ष महोत्सव 2026 की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। अंतर्राष्ट्रीय कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के मार्गदर्शन में होने वाले इस भव्य आयोजन को लेकर समिति एवं प्रशासन द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए 1 लाख 80 हजार स्क्वायर फीट स्थायी तथा 60 हजार स्क्वायर फीट अतिरिक्त पंडाल तैयार किया गया है, जहां एक साथ लगभग डेढ़ लाख श्रद्धालु कथा श्रवण कर सकेंगे।
रेल यात्रियों की सुविधा के लिए सीहोर स्टेशन से गुजरने वाली अधिकांश ट्रेनों को अस्थायी स्टॉपेज दिया गया है। इसके साथ ही श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग, पेयजल, शौचालय, भोजनशाला, स्वास्थ्य शिविर, एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड और कंट्रोल रूम जैसी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए परिसर में 256 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं से पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधारोपण करने की अपील भी की है।