शिवपुरी में मदिरा दुकानों के लिए ई-टेंडर प्रक्रिया शुरू, 113 दुकानें 32 समूहों में विभाजित


शिवपुरी। आबकारी विभाग ने आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जिले की मदिरा दुकानों के संचालन हेतु नई निविदा प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। इस बार सरकार ने पुरानी व्यवस्था में बदलाव करते हुए वर्तमान ठेकेदारों को नवीनीकरण का विकल्प नहीं दिया है। सभी दुकानों का आवंटन खुली ई-टेंडर प्रणाली के माध्यम से किया जाएगा।

जिले की कुल 113 शराब दुकानों को 32 समूहों में बांटा गया है। प्रत्येक समूह में एक से लेकर पांच तक दुकानें शामिल की गई हैं। जानकारी के अनुसार, इस बार आधार मूल्य में पिछले वर्ष की तुलना में करीब 20 प्रतिशत तक वृद्धि की गई है।

तीन चरणों में पूरी होगी प्रक्रिया

निविदा प्रक्रिया को तीन अलग-अलग चरणों में संपन्न किया जाएगा। पहले चरण में 11 समूहों के टेंडर जारी किए गए हैं, जिन्हें 2 मार्च को खोला जाएगा। दूसरे चरण के 11 समूह 3 मार्च से ऑनलाइन उपलब्ध होंगे और 5 मार्च को खोले जाएंगे। शेष 10 समूहों के टेंडर 6 मार्च को जारी होकर 7 मार्च को खोले जाएंगे।

राजस्व में बढ़ोतरी की उम्मीद

अधिकारियों का मानना है कि खुली और प्रतिस्पर्धात्मक बोली प्रक्रिया से इस वर्ष जिले के राजस्व में 25 से 30 प्रतिशत तक बढ़ोतरी संभव है। नई आबकारी नीति के तहत पारदर्शिता और प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया है। विभाग ने इच्छुक आवेदकों से समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.