हरिद्वार के मंगलौर से जुड़े कई परिवारों की धड़कनें तेज, ईरान में अपनों की चिंता


भोपाल। ईरान में बढ़ते तनाव के बीच हरिद्वार जनपद के मंगलौर क्षेत्र के कई परिवारों की चिंता बढ़ गई है। मंगलौर के मोहल्ला हल्का, पठानपुरा और जैनपुर क्षेत्र के कई युवक, कामगार और छात्र अभी भी ईरान में फंसे हुए हैं। हालात बिगड़ने की खबरों के बाद परिजनों की बेचैनी लगातार बढ़ती जा रही है।

परिजनों का कहना है कि टीवी और सोशल मीडिया के माध्यम से मिल रही सूचनाओं से डर का माहौल है। हालांकि उन्हें केंद्र सरकार पर पूरा भरोसा है कि पूर्व की तरह इस बार भी भारतीय नागरिकों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की जाएगी। परिवारों के सदस्य लगातार फोन और इंटरनेट कॉल के जरिए अपने परिजनों के संपर्क में बने हुए हैं।

हाल ही में ईरान से लौटे कुछ लोगों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों में वहां की स्थिति तेजी से बदली है। सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और कई स्थानों पर आवागमन प्रभावित हुआ है। उन्होंने बताया कि भारतीय दूतावास की ओर से एडवाइजरी जारी कर सतर्क रहने को कहा गया है।

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन और केंद्र सरकार से मांग की है कि क्षेत्र के फंसे लोगों की सुरक्षित वापसी के लिए ठोस और त्वरित कदम उठाए जाएं। परिवारों की निगाहें अब सरकार की ओर टिकी हैं और सभी अपने अपनों के सकुशल लौटने की दुआ कर रहे हैं।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.