शिवपुरी। शिवपुरी जिले के करैरा क्षेत्र में एक शादी समारोह उस समय चर्चा का विषय बन गया, जब दूल्हे ने दहेज में मिले 21 लाख रुपए लौटाकर समाज के सामने एक मिसाल पेश की। दूल्हे ने दहेज लेने से साफ इनकार करते हुए केवल शगुन के तौर पर 500 रुपए ही स्वीकार किए।
जानकारी के अनुसार करैरा के पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष कोमल साहू के पुत्र संजय साहू का विवाह समारोह संपन्न हुआ। इस दौरान परंपरा के तहत लड़की पक्ष द्वारा 21 लाख रुपए दहेज स्वरूप दिए जा रहे थे, लेकिन संजय साहू ने सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय देते हुए पूरी राशि वापस कर दी।
संजय साहू ने स्पष्ट कहा कि विवाह एक पवित्र बंधन है और इसे लेन-देन से जोड़ना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि दहेज प्रथा समाज के लिए अभिशाप है और इसे खत्म करने के लिए युवाओं को आगे आना चाहिए। उन्होंने केवल शगुन के रूप में 500 रुपए लेकर विवाह संपन्न किया।
दूल्हे के इस फैसले की शादी समारोह में मौजूद लोगों ने जमकर सराहना की। लोगों का कहना है कि इस तरह के फैसले समाज के लिए प्रेरणा बनते हैं और दहेज जैसी कुरीति को समाप्त करने में मदद करते हैं।
संजय साहू के इस कदम से पूरे क्षेत्र में उनकी सराहना हो रही है और लोग इसे सामाजिक बदलाव की दिशा में एक सकारात्मक पहल मान रहे हैं।