विजयपुर विधायक का चुनाव शून्य, कांग्रेस का भाजपा पर तीखा हमला


ग्वालियर। विजयपुर विधानसभा से कांग्रेस के विधायक मुकेश मल्होत्रा का चुनाव हाईकोर्ट की ग्वालियर बेंच द्वारा शून्य घोषित किए जाने के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। फैसले के बाद कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा और आक्रामक हमला बोला है।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा ने राजनीतिक दबाव बनाकर एक आदिवासी विधायक को पद से हटवाने की साजिश रची है। कांग्रेस का कहना है कि भाजपा को यह कभी स्वीकार नहीं हो सकता कि एक आदिवासी नेता सामान्य सीट से चुनाव जीतकर विधायक बन जाए।

पार्टी नेताओं ने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सदन में आदिवासी नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार से भी उनकी औकात पूछती है और अब चुने हुए आदिवासी विधायक का चुनाव साम, दाम, दंड और भेद की राजनीति के तहत शून्य करवाया गया है।

कांग्रेस ने भाजपा पर दलित और आदिवासी विरोधी मानसिकता का आरोप लगाते हुए कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से चुने गए प्रतिनिधियों को इस तरह हटाना लोकतंत्र के लिए खतरनाक संकेत है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि उन्हें माननीय सुप्रीम कोर्ट पर पूरा भरोसा है और पार्टी इस फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में अपील करेगी। कांग्रेस का दावा है कि कानूनी लड़ाई लड़कर फिर से कांग्रेस का विधायक बनवाया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.