पोहरी। “राधा रानी सरकार की जय हो” के जयघोष के साथ नगर में होली महोत्सव का उल्लास चरम पर है। राधा रानी प्रभात फेरी समिति पोहरी द्वारा आयोजित भव्य होली महोत्सव के अंतर्गत आज लट्ठ मार होली का आयोजन राधा कृष्ण मंदिर, कॉलेज ग्राउंड पोहरी में हर्षोल्लास के साथ किया गया।
कार्यक्रम स्थल पर सुबह से ही श्रद्धालुओं और युवाओं की भीड़ उमड़ पड़ी। ढोल-नगाड़ों की थाप, रंग-गुलाल और फूलों की वर्षा के बीच लट्ठ मार होली की पारंपरिक झलक ने सभी का मन मोह लिया। महिलाओं और युवतियों ने परंपरागत अंदाज में लट्ठ मार होली की प्रस्तुति दी, जबकि पुरुषों ने ढाल के साथ उत्सव में सहभागिता निभाई। पूरा परिसर भक्ति गीतों और राधा-कृष्ण के जयकारों से गूंज उठा।
समिति द्वारा होली महोत्सव के तहत 28 फरवरी को फूल होली, 1 मार्च को लड्डू मार होली, 2 मार्च को लट्ठ मार होली तथा शाम 8 बजे होलिका दहन का आयोजन किया जायेगा। इसके बाद 3 मार्च को गुलाल होली और 4 मार्च को रंग-गुलाल होली उत्सव मनाया जाएगा।
समिति पदाधिकारियों ने नगरवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा को सशक्त बनाएं तथा उत्सव को भव्य स्वरूप प्रदान करें। कॉलेज ग्राउंड स्थित राधा कृष्ण मंदिर परिसर रंगों, श्रद्धा और उल्लास से सराबोर नजर आया। नगर में होली महोत्सव को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
