शिवपुरी- कपड़ा व्यापार संघ के नवीन अध्यक्ष पद को लेकर गत दिवस निर्वाचन प्रक्रिया स्थानीय सेलीब्रेशन गार्डन में संपन्न हुई। यहां निर्वाचन प्रक्रिया के.के. गुप्ता की अध्यक्षता में हुई जिसमें निवृत्तमान अध्यक्ष विशाल भसीन के दो वर्षीय कार्यकाल पूर्ण करने के बाद अब नवीन अध्यक्ष के रूप में विवेक पाठक व सचिव के रूप में विनोद गुप्ता (सोनू)का मनोनयन किया गया। इस पर समस्त कपड़ा व्यापार संघ ने सहर्ष स्वीकृति प्रदान करते हुए तालियों के अभिवादन के साथ इन नवीन पदाधिकारियों के मनोनयन को स्वीकार किया और बधाईयां प्रेषित की। इसके अलावा मौके पर ही कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए उपाध्यक्ष पद पर राजीव निगौती व कोषाध्यक्ष पद पर प्रदीप सिंघल (सोनू)का मनोनयन निर्विरोध से किया गया। इसके अलावा शेष पदाधिकारियों का भी निर्विरोध रूप से निर्वाचन प्रक्रिया के तहत मनोनयन हुआ। कपड़ा व्यापार संघ के तहत की जाने वाली सेवाओं के लिए सेवा प्रकोष्ठ का भी गठन हुआ जिस पर सेवा प्रकोष्ठ प्रभारी के रूप में अजय सांखला को नियुक्त किया गया। इस कार्यक्रम में कपड़ा व्यापार संघ द्वारा पारिवारिक गोठ का आयोजन भी हुआ और नवीन पदाधिकारियों के इस मनोनयन पर सभी ने एक-दूसरे को मिष्ठान खिलाकर बधाईयां दी। कार्यक्रम में कपड़ा व्यापार संघ के पारिवारिक सदस्यों में महिलाऐं व बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस दौरान बच्चों एवं महिलाओं के लिए कई आकर्षक खेलों का आयोजन भी हुआ जिसमें विजयी प्रतिभागयों को उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया।