सही दिशा में अटकना तो ठीक है लेकिन भटकना नहीं -आचार्य श्री विद्यासागर महाराज

अभिषेक जैन अशोकनगर-आप लोग भटके हैं। घूम रहे हैं संसार में अटके हैं। सही दिशा में अटकना फिर भी ठीक हैं लेकिन भटकना ठीक नहीं है। किसी रास्ते पर चलते-चलते मान लो थक गए तो रुक जाना ठीक है लेकिन चलते-चलते भटकना ठीक नहीं। उक्त आशय के उद्गार संत शिरोमणि आचार्यश्री विद्यासागर जी महाराज ने मुंगावली में धर्मसभा को संबोधित करते हुए कहे।आचार्य श्री ने कहा कि भटके हुए व्यक्तियों के साथ रहना भी भटकना है। उन्होंने कहा कि जो कहा जा रहा है वह आप की उन्नति के लिए कहा जा रहा है। ध्यान रखो भोजन के समय पर पानी नहीं पीना चाहिए। उस समय पानी पीएंगे तो कम खा पाएंगे। उन्होंने कहा कि यदि गलती को गलती नहीं समझेंगे तो गलती में सुधार कैसे होगा।

थूबोन तीर्थ क्षेत्र कमेटी के सदस्य पहुंचे-गुरुवार को थूबोन तीर्थ क्षेत्र कमेटी के सदस्यों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर आचार्य श्री को श्रीफल भेंट कर अतिशय क्षेत्र थूबोनजी में शीतकालीन वाचना का आमंत्रण दिया। वहीं चंदेरी के भाजपा प्रत्याशी और ईसागढ़ नपा अध्यक्ष भूपेन्द्र द्विवेदी ने अपने धर्मपत्नी के साथ पहुंचकर आचार्य श्री को श्रीफल भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष जयकुमार सिंघई, थूबोन कमेटी के प्रचारमंत्री विजय धुर्रा आदि मौजूद रहे।
मुंगावली में प्रदेश सहित दूसरे प्रदेशों से श्रद्धालु पहुंच रहे आचार्य श्री विद्यासागर महाराज के दर्शन करने

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए साधना स्थली के द्वार पर समय सारिणी लगाई-शहर में बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को आचार्यश्री विद्यासागर जी महाराज के दर्शन करने में असुविधा न हो इसके लिए समय सारिणी संत साधना स्थली के मुख्य द्वार पर चस्पा की गई है। समय सारिणी में सुबह 6.30 बजे आचार्य भक्ति, 9 बजे आचार्यश्री की पूजन, 9.45 बजे आहार चर्या 11.30 बजे ईर्यापथ, दोपहर 12 बजे सामायिक, 2.30 बजे दर्शन लाभ, शाम 5 बजे आचार्य भक्ति, 6 बजे वैयावृत्ति का उल्लेख किया है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.