आचार्य सुनील सागर जी महाराज मूंगाणा पधारे, अगवानी की

मूंगाणा- दिगंबर जैन समाज के तत्वावधान में 9 दिवसीय श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान व विश्व शांति महायज्ञ के दौरान  राष्ट्र संत आचार्य श्री  सुनीलसागर जी  महाराज 52 पिंछी ससंघ का मूंगाणा में नगर प्रवेश हुआ। ससंघ के स्वागत में आसपास के हजारों की संख्या में श्रावक-श्राविकाओं ने पलक पावड़े बिछाते हुए अगवानी की।
मूंगाणा सीमा पर माही नदी किनारे यशवंत पचौरी व सुनीलसागर युवा मंच राष्ट्रीय अध्यक्ष नमन पचौरी, आयोजक सौधर्म इन्द्र रमेश कुमार, पृथ्वीराज दोशी परिवार ने पाद प्रक्षालन किया। भव्य जुलूस प्रमुख मार्गों से होते हुए आदिनाथ दिगंबर जैन मंदिर पहुंचा। दर्शन के पश्चात शृंगार वाटिका के पांडाल में आर्शीवचन दिए। पाद प्रक्षालन, चित्र अनावरण, समर्पण, आरती, भक्ति संगीत के विभिन्न कार्यक्रम हुए।
धर्म सभा मेें आचार्य श्री  सुनीलसागर  जी महाराज ने कहा कि धर्म की पताका को फहराने के लिए शराब व अन्य नशा मुक्ति यदि सभी लोगों की छूट जाएगी तो पूरा वागड़, मेवाड़ व कांठल क्षेत्र वृंदावन से कम नहीं होगा। मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम व भगवान महावीर जीवन से हमेें कई संदेश मिलते हैं, उन्हें अपने जीवन में उतारना चाहिए।
संघ की अगवानी में हेलीकॉप्टर से फूल बरसे
दिगंबर जैन समाज मुंगाणा सहित धरियावद, नरवाली, पारसोला, खुंता, वागड़ मेवाड़, कांठल क्षेत्र से हजारों की तादाद में श्रावक-श्राविका आचार्य श्री की एक झलक व आशीर्वाद पाने के लिए पहुंचे। नगर के बाहर ही 21 फीट ऊंचा स्वागत मंच बनाया गया। नमन पचौरी ने बताया कि 101 महिलाओं ने स्वर्ण कलश धारण किए। आकाश से मिनी हेलीकॉप्टर के माध्यम से फुलों की बरसात की। शोभायात्रा के दौरान सबसे आगे बेंड बाजे, हाथी, घोड़े, बगियां, रथ चल रहा था। महिला-पुरुषों के पीछे पीछे विभिन्न प्रकार की झांकियां शामिल थी। हाथी पर सौधर्म इन्द्र दोशी परिवार थे।
        संकलन अभिषेक जैन लुहाडीया रामगंजमंडी

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.