भोपाल: उपचुनाव में भाजपा खूब पसीना बहा रही है, उनके बड़े बड़े नेता मंडल और बूथ लेबल के कार्यक्रम में शिरकत कर रहे हैं और अपने कार्यकर्ताओं में जोश भरने का काम कर रहे हैं इसके उलट कांग्रेस के बड़े नेता कमलनाथ के अलावा कोई भी जमीन पर कार्य करते नहीं दिख रहा है लेकिन अब कांग्रेस भी एक नए ट्रम्प कार्ड की तैयारी में है यानी कांग्रेस भाजपा के नहले पे दहला चलने की तैयारी कर रही है । मध्यप्रदेश में कांग्रेस अपनी सत्ता वापसी के लिये अब तुरूप चाल खेल सकती है। इसके लिये कांग्रेस की स्टार प्रचारक व कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी बाड्रा के रोड शो या सभा आयोजित कराई जा सकती है। इसी क्रम में कांग्रेस के प्रदेश के दिग्गज नेता कमलनाथ से लेकर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह , पूर्व केन्द्रीय मंत्री अरूण यादव, कांतिलाल भूरिया भी ग्वालियर -चंबल अंचल में डेरा डाल सकते हैं।
अभी ग्वालियर-चंबल संभाग की उप चुनावों की १६ सीटों पर भाजपा ने तो शुरूआती क्रम से अपनी पूरी ताकत झोंक दी है, उसके मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से लेकर केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा, पूर्व केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादितय सिंधिया सहित प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बीडी शर्मा अपने कई दौर के कार्यक्रम कर चुके हैं, लेकिन कांग्रेस अभी भी अपने सी ग्रेड नेताओं के सहारे उप चुनाव में लगी है, वह भी २८ सीटें जीतने के दावे के साथ । लेकिन अब कांग्रेस कार्यकर्ता भी अपने बडे नेताओं के न आने से हताश हैं।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं के चेहरे पर चुनावी जोश अभी इसी कारण सर चढ़कर नहीं बोल रहा है, जबकि भाजपाई जोश पूरे उफान पर है। इसी कारण अब प्रदेश आलाकमान विशेषकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ भाजपाई तिलिस्म तोडने के लिये बडी तुरूप का सहारा ले सकते हैं। वह ग्वालियर -चंबल संभाग की सीटों को लेकर टारगेट कर कांग्रेस महासचिव व स्टार प्रचारक प्रियंका गांधी बाड्रा का एक कार्यक्रम करने की तैयारी में है।
इसके लिये उनके सलाहकार पूरी प्लानिंग गोपनीय तरीके से कर रहे हैं और यह चुनाव से पहले अक्टूबर के आखिरी सप्ताह में करा सकते हैं। स्वयं कमलनाथ भी अगले सप्ताह से ग्वालियर में अपना डेरा डालने वाले हैं। उनके खास प्रदेश कांग्रेस के पूर्व मंत्री पीसी शर्मा भी ग्वालियर में अपनी जमावट करने में लगे हैं। वह नाराज कांग्रेसियों को मना भी रहे हैं।
