दमोह-विजय नगर में सिद्धचक्र महामंडल विधान में ब्रह्मचारी संजीव भैया कटंगी के निर्देशन में श्रीजी के अभिषेक शांतिधारा के साथ संगीतमय पूजन हुई एवं विधान के अर्घ समर्पित किए गए। इस अवसर पर उपस्थित ओजस्विनी संस्थान समूह की प्रमुख डॉ.सुधा मलैया ने भक्ति भाव के साथ नृत्य किया, उन्होंने आर्यिका संघ को श्रीफल भेंट कर आशीर्वाद ग्रहण किया। इस मौके पर संजीव भैया ने विजय नगर में शीघ्र एक संत भवन बनाए जाने की आवश्यकता पर जोर डालते हुए मंदिर समिति एवं मलैया परिवार से शीघ्र प्रयास करने का आग्रह किया, उन्होंने कहा कि धार्मिक संस्कारों के लिए संतों का मंगल सानिध्य मिलना जरूरी होता है और संतों को रोकने के लिए संत निवास होना आवश्यक है।
आर्यिका रत्न ऋजुमति माताजी ने अपने मंगल प्रवचनों में कहा कि धार्मिक अनुष्ठान बहुत सौभाग्य से प्राप्त होते हैं सिद्ध भगवान की आराधना से जीवन में सभी कार्य सिद्ध होने लगते हैं मनुष्य के दुख दूर होकर सुख का मार्ग मिलने लगता है कर्मों की निर्जरा होकर मोक्ष मार्ग प्रशस्त होने लगता है गुरुदेव की कृपा से हम सबको धर्ममय वातावरण प्राप्त हो रहा है इसका लाभ अवश्य ले लेना चाहिए। इस मौके पर गौशाला अध्यक्ष मनीष मलैया, कुंडलपुर कमेटी के प्रचार मंत्री सुनील वेजिटेरियन, संजीव शाकाहारी, संदीप आभाना, चंद्र कुमार, महेश बड़कुल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही।
संकलन अभिषेक जैन लुहाड़िया रामगंजमंडी
