राजनीतिक : केन्द्रीय मंत्रीमंडल व राज्यसभा से इस्तीफे के बाद थावरचंद गहलोत की राज्यसभा सीट से अब भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा का दावा मजबूत हो गया है। प्रभात झा को पार्टी पुनः अब मध्यप्रदेश से राज्यसभा भेज सकती हैं। इसके लिए पार्टी में अंदर ही अंदर चर्चा शुरू हो गई है। वहीं संघ पदाधिकारियों के समक्ष भी यह मामला संज्ञान में आया है।
ज्ञांतव्य है कि कांग्रेस से भाजपा में आये केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के लिये भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा की सीट ले ली गई थी। जिस कारण प्रभात झा तीसरी बार राज्यसभा में जाने से चूक गये थे। लेकिन इसके बाद भी भाजपा नेता प्रभात झा ने उफ तक नहीं की और पार्टी निर्णय सिर माथे पर लिया था। जिसके कारण प्रभात झा के त्याग की सब जगह तारीफ हुई थी और पार्टी नेताओं ने भी सराहा था। लेकिन अब थावरचंद गहलोत के केन्द्रीय मंत्रीमंडल से इस्तीफे व राज्यपाल पद पर ताजपोशी के बाद राज्यसभा सीट रिक्त हो गई है, जिस पर अब पुनः प्रभात झा को राज्यसभा में भेजे जाने के आसार बढ़े हैं। वैसे भी भाजपा को राज्यसभा में गहलोत के इस्तीफे के बाद एक तेजतर्रार राजनेता की जरूरत हैं जो विपक्षी दलों के नेताओं के हमलों का करारा जबाव दे सकें। इस मामले में प्रभात झा पार्टी फोरम पर सटीक बैठते हैं। इसीलिये अब प्रभात झा की राज्यसभा के लिए फिर से जाने की उम्मीद मजबूत हो रही हैं।
