शिवपुरी। भारत विकास परिषद शाखा वीर तात्याटोपे की आगामी वर्ष 2019-20 की नवीन कार्यकारिणी का गठन सौहार्दपूर्ण वातावरण में हर्षाेल्लास एवं उमंग के साथ सम्पन्न हुआ। इस मौके पर परिषद की महिलाओं, पुरुषों एवं बच्चों के लिए विभिन्न कार्यक्रम, प्रतियोगिताएं व पारिवारिक बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम के दौरान वीर तात्याटोपे शाखा के वर्ष 2019-20 हेतु पदाधिकारियों के लिए चुनाव प्रांत द्वारा नियुक्त निर्वाचन पर्यवेक्षक श्रीमती सरला वर्मा एवं चुनाव अधिकारी रविन्द्र मित्तल के नेतृत्व में सम्पन्न कराए गए जिसमें सर्वसम्मति से अमित खण्डेलवाल को अध्यक्ष, चन्द्र मोहन नागपाल को सचिव तथा हर्ष मित्तल को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया। नवीन पदाधिकारी नियमानुसार एक अप्रैल से अपना कार्यभार एवं दायित्व ग्रहण करेगी।
कार्यक्रम का प्रारंभ राष्ट्रगीत वन्देमातरम् के गायन से किया गया। इस मौके पर शाखा की वार्षिक साधारण सभा की बैठक आयोजित की गई जिसमें शाखा की गतिविधियों तथा आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा की गई। बैठक में अभी तक किए गए कार्यक्रमों का संक्षिप्त प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। इसके उपरान्त परिषद की महिलाओं, बच्चों, पुरुषों एवं युगल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। सभी विजेता प्रतिभागियों को शाखा की ओर से पुरस्कार प्रदान किए गए। निर्वाचित सभी पदाधिकारियों द्वारा अपनी ओर से सभी का आभार ज्ञापित करते हुए उन्हें सहयोग की अपेक्षा की। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान जन गण मन से किया गया।

