शिवपुरी-भारत निर्वाचन आयोग द्वारा लोकसभा निर्वाचन 2019 हेतु गुना संसदीय निर्वाचन क्षेत्र हेतु नियुक्त व्यय प्रेक्षक मोहित तिवारी ने लोकसभा निर्वाचन के व्यय अनुवीक्षण कार्य में लगे अधिकारियों एवं कर्मचारियों की आज जिला पंचायत कार्यालय पोहरी रोड़ पर आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए दल के सभी सदस्य अपना कार्य पूरी ईमानदारी, निष्ठा, सजगता एवं समन्वय के साथ करें। उन्होंने कहा कि दल के सभी सदस्यों को सीविजिल एप को अपने एन्ड्रोइड मोबाइल में डाउनलोड करें। इस एप के तहत किसी भी घटना पर 100 मिनिट के अंदर कार्यवाही की जा सकेगी। उन्होंने बताया कि उम्मीदवारों के निर्वाचन अभिकर्ताओं द्वारा लेखा पंजी जांच के दौरान आने वाली समस्याओं को दूर कर उनको समझाइस भी दें।
उन्होंने कहा कि आयोग द्वारा समय-समय पर दिए जाने वाले दिशा-निर्देशों की जानकारी से भी सदस्यों को अवगत कराया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि गुना संसदीय निर्वाचन क्षेत्र के तहत आने वाले आठों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के लिए लेखा व्यय टीमें गठित की गई है। वे आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें। किसी भी प्रकार की समस्या आने वाले नोडल अधिकारी आय-व्यय को बतायें। उन्होंने कहा कि एसएसटी दल के वाहनों पर व्यय प्रेक्षक, सहायक व्यय प्रेक्षक और काॅल सेंटर के टेलीफोन नम्बर प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सोशल मीडिया के तहत फेसबुक, ट्वीटर, इस्ट्रग्राम आदि के माध्यम से किए जाने वाले प्रचार की अनुवीक्षण की कार्य योजना पर चर्चा की।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र कंवर ने पुलिस द्वारा की गई जप्ती से अवगत कराते हुए एफएसटी, एसएसटी की कार्यप्रणाली तथा मतदान केन्द्रों के संबंध में जानकारी प्रदाय की। उपजिला निर्वाचन अधिकारी श्री मकसूद अहमद द्वारा निर्वाचन व्यय अनुवेक्षण पर की गई कार्यवाहियों एवं आगामी कार्ययोजना से अवगत कराते हुए गठित किए गए कंट्रोल रूम संवेदनशील मतदान केन्द्रों के संबंध में भी जानकारी दी।
उपसंचालक जनसंपर्क एवं एमसीएमसी कमेटी के नोडल अधिकारी अनूप सिंह भारतीय ने बताया कि एमसीएमसी कमेटी द्वारा विज्ञापनों का प्रमाणीकरण एवं पेडन्यूज की बारीकी से निगरानी रखी जा रही है।
जिला पेंशन अधिकारी एवं निर्वाचन व्यय लेखा नोडल अधिकारी श्रीमती छवि जैन बिरमानी ने अभ्यर्थियों द्वारा उपयोग में की जाने वाली वाहनों के संबंध में निर्वाचन प्रचार हेतु की जाने वाली रैलियों, जनसभाओं आदि के अनुवेक्षण की कार्ययोजना के संबंध में अवगत कराया।
बैठक में आयकर अधिकारी के.के.चांदवानी, एसबीआई के मैनेजर जे.एस.बत्रा, सहायक जिला आबकारी अधिकारी आर.एस.राणा, नोडल व्यय लेखा अधिकारी अशोकनगर डी.के.चैरसिया सहित विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र शिवपुरी पिछोर, कोलारस, मुंगावली, चंदेरी, बमौरी, गुना आदि के सहायक व्यय प्रेक्षक आदि उपस्थित थे।