आज से गूंजेगा पंचकल्याणक का जयघोष, रन्नौद में 1 से 6 फरवरी तक भव्य गजरथ महोत्सव, उमड़ेगा श्रद्धा का सैलाब


शिवपुरी। धर्मनगरी रन्नौद की पावन धरा पर आज से एक ऐतिहासिक और भव्य आध्यात्मिक आयोजन का शुभारंभ हो गया है। श्री 1008 पार्श्वनाथ दिगम्बर छोटा जैन मंदिर में नवीन प्रतिमा के गौरवशाली आगमन के साथ श्री 1008 श्रीमज्जिनेन्द्र जिनबिम्ब पंचकल्याणक प्रतिष्ठा गजरथ महोत्सव आज (1 फरवरी) से 6 फरवरी 2026 तक श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ आयोजित किया जा रहा है।

इस महोत्सव को संत शिरोमणि आचार्य श्री 108 विद्यासागर जी महाराज एवं आचार्य श्री 108 समयसागर जी महाराज का मंगल आशीर्वाद प्राप्त है। वहीं वात्सल्य मूर्ति मुनिश्री 108 सुव्रतसागर जी महाराज के पावन सानिध्य में श्रद्धालु धर्मलाभ अर्जित करेंगे।

आयोजन पिछोर रोड स्थित श्रीराम गार्डन एवं विकास गार्डन के विशाल परिसर में संपन्न होगा। पंचकल्याणक प्रतिष्ठा की समस्त विधियां प्रतिष्ठाचार्य ब्र. अरुण भैया जी एवं ब्र. संजय भैया जी के निर्देशन में शास्त्रोक्त विधि-विधान से कराई जाएंगी।

श्री मज्जिनेन्द्र पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महामहोत्सव समिति एवं सकल दिगम्बर जैन समाज, रन्नौद के तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव को लेकर क्षेत्र में व्यापक उत्साह का माहौल है। गजरथ महोत्सव के दौरान रन्नौद सहित आसपास का संपूर्ण क्षेत्र भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहेगा। आयोजन समिति ने देशभर के श्रद्धालुओं से इस पुण्यदायी पंचकल्याणक एवं गजरथ महोत्सव में सहभागी बनकर धर्मलाभ अर्जित करने की अपील की है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.