भोपाल। भोपाल के अयोध्या बायपास को 10 लेन बनाने की महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत आनंद नगर क्षेत्र में 40 से 50 वर्षों से काबिज 208 दुकानदारों को हटाया जा रहा है। प्रशासन द्वारा दुकानदारों को जारी किए गए नोटिस के बाद शनिवार को व्यापारियों का गुस्सा फूट पड़ा और क्षेत्र में विरोध के स्वर तेज हो गए।
व्यापारियों का आरोप है कि उन्हें मुआवजे के नाम पर मात्र 20 हजार से 50 हजार रुपये ही दिए जा रहे हैं, जो वर्षों से स्थापित उनके व्यापार और आजीविका के नुकसान की भरपाई के लिए नाकाफी है। दुकानदारों का कहना है कि वे दशकों से यहां कारोबार कर रहे हैं, कई परिवारों की रोजी-रोटी इन्हीं दुकानों पर निर्भर है, ऐसे में इतनी कम राशि देकर हटाया जाना सरासर अन्याय है।
प्रभावित व्यापारियों ने एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन किया और मुआवजे में भेदभाव का आरोप लगाया। व्यापारियों ने कहा कि अन्य क्षेत्रों में इसी तरह की परियोजनाओं में कहीं अधिक मुआवजा और वैकल्पिक व्यवस्था दी गई, जबकि उनके साथ भेदभाव किया जा रहा है।
मामले को लेकर व्यापारियों का एक प्रतिनिधिमंडल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी से भी मिला। व्यापारियों ने उन्हें अपनी पीड़ा बताते हुए उचित मुआवजा, पुनर्वास और वैकल्पिक दुकान व्यवस्था की मांग रखी। जीतू पटवारी ने व्यापारियों को आश्वासन दिया कि वह उनकी मांगों को शासन-प्रशासन के समक्ष मजबूती से उठाएंगे और न्याय दिलाने का प्रयास करेंगे।
फिलहाल आनंद नगर क्षेत्र में माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। व्यापारी मांग कर रहे हैं कि जब तक उचित मुआवजा और पुनर्वास की ठोस योजना नहीं बनाई जाती, तब तक दुकानों को हटाने की कार्रवाई रोकी जाए।