पोहरी महाविद्यालय में पूर्व मंत्री सुरेश धाकड़ राठखेड़ा ने सुना केंद्रीय बजट, संत रविदास को अर्पित की पुष्पांजलि

पोहरी। पूर्व मंत्री एवं पूर्व विधायक सुरेश धाकड़ राठखेड़ा ने आज पोहरी मंडल के शासकीय लक्ष्मी सरस्वती गोपालकृष्ण महाविद्यालय, पोहरी में संत शिरोमणि रविदास जी महाराज के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। इसके पश्चात उन्होंने केंद्रीय बजट का सीधा प्रसारण ध्यानपूर्वक सुना।

इस अवसर पर सुरेश धाकड़ राठखेड़ा ने केंद्रीय बजट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह बजट देश के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। बजट में युवाओं के लिए रोजगार एवं कौशल विकास, किसानों की आय बढ़ाने, महिला सशक्तिकरण को मजबूती देने, शिक्षा व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण तथा आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने की स्पष्ट झलक दिखाई देती है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का यह बजट विकसित भारत के लक्ष्य को और मजबूत करेगा तथा समाज के हर वर्ग को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करेगा। विशेष रूप से शिक्षा और नवाचार पर दिया गया जोर आने वाली पीढ़ी के लिए लाभकारी सिद्ध होगा।

कार्यक्रम के दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष आसुतोष जैमनी सहित भाजपा के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एकजुट होकर बजट को सुना और इसे देशहित में ऐतिहासिक बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के प्रति आभार व्यक्त किया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.