14 फीट ऊंची दीवार फांदकर दुष्कर्म का आरोपी फरार, 10 घंटे बाद जंगल से गिरफ्तार


पोहरी। पोहरी सब जेल से शुक्रवार सुबह एक सनसनीखेज फरारी का मामला सामने आया। 13 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में बंद आरोपी 14 फीट ऊंची जेल की दीवार फांदकर फरार हो गया। करीब 10 घंटे की कड़ी मशक्कत और जंगल में सर्चिंग अभियान के बाद सब जेल पुलिस एवं पोहरी थाना पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की।

घटना सुबह करीब 8:30 बजे की बताई जा रही है। आरोपी ने जेल परिसर में लगे आंवले के पेड़ के डंठल को दीवार में फंसाकर सहारा बनाया और 14 फीट ऊंची दीवार पार कर फरार हो गया। फरारी की सूचना मिलते ही जेल प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार 20 फरवरी को पोहरी थाना क्षेत्र में नाबालिग के साथ दुष्कर्म का मामला दर्ज हुआ था। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पिता बादाम सिंह के खिलाफ पॉक्सो एक्ट एवं दुष्कर्म की धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। पीड़िता ने आरोप लगाया था कि घटना की रात वह अपनी दादी के साथ सो रही थी, तभी आरोपी उसे जबरन कमरे में ले गया और वारदात को अंजाम दिया। पीड़िता के अनुसार आरोपी पूर्व में भी उसके साथ दुष्कर्म कर चुका था।

घटना को गंभीर लापरवाही मानते हुए जेलर सौरव वर्मा ने जेल प्रहरी सहीद खान को निलंबित कर दिया है। फरारी के संबंध में थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है।

फरार आरोपी की तलाश में पुलिस ने जंगल और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक सर्चिंग अभियान चलाया। देर शाम पुलिस टीम को जंगल क्षेत्र में आरोपी दिखाई दिया, जिसके बाद घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

प्रशासन का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और सुरक्षा व्यवस्था में हुई चूक के लिए जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.