भोपाल। 2014 बैच के आईएएस अधिकारी अवि प्रसाद एक बार फिर निजी जीवन को लेकर सुर्खियों में हैं। उन्होंने 2017 बैच की आईएएस अधिकारी अंकिता धाकरे से विवाह कर लिया है। दोनों 11 फरवरी को कूनो राष्ट्रीय उद्यान में परिणय सूत्र में बंधे। अंकिता वर्तमान में मंत्रालय में डिप्टी सेक्रेटरी के पद पर पदस्थ हैं।
यह शादी इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि अवि प्रसाद की यह तीसरी शादी है। उनकी पहली पत्नी आईएएस रिजु बाफना से अलगाव हो चुका है, जो फिलहाल शाजापुर में कलेक्टर पद संभाल रही हैं। दूसरी पत्नी आईएएस मिशा सिंह से भी उनका संबंध विच्छेद हो गया था और वे वर्तमान में रतलाम में कलेक्टर हैं।
प्रशासनिक करियर में अवि प्रसाद कई जिलों में कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ रह चुके हैं तथा वर्तमान में मध्यप्रदेश रोजगार गारंटी परिषद में मुख्य कार्यपालन अधिकारी हैं। बड़नगर में पदस्थापना के दौरान दिव्यांगों को मेडिक्लेम दिलाने की पहल से उन्होंने पहचान बनाई थी। मूल रूप से उत्तर प्रदेश निवासी अवि प्रसाद ने पहले भारतीय रिजर्व बैंक में मैनेजर के रूप में चयन पाया, बाद में संघ लोक सेवा आयोग परीक्षा में 2014 में 13वीं रैंक हासिल कर आईएएस बने।
निजी जीवन को लेकर एक बार फिर चर्चा में आए इस विवाह ने प्रशासनिक गलियारों में भी हलचल पैदा कर दी है।