पोहरी। नगर में चल रहे सड़क निर्माण कार्य के चलते उड़ रही धूल से आमजन बुरी तरह परेशान हैं। धूल के कारण लोगों को सांस लेने में दिक्कत हो रही है, वहीं सड़क किनारे बने मकानों और दुकानों में भी लगातार धूल भर रही है। नागरिकों का आरोप है कि प्रशासन इस समस्या पर ध्यान नहीं दे रहा है।
कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष आफाक अंसारी ने इस मामले में एसडीएम अनुपम शर्मा से गुहार लगाई है। उनका कहना है कि पोहरी नगर में सड़क निर्माण का काम लगभग एक माह से अधिक समय से चल रहा है। इस दौरान दुकानदारों को अतिक्रमण हटाओ अभियान का सामना भी करना पड़ा, लेकिन निर्माण एजेंसी द्वारा धूल नियंत्रण के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं।
बताया गया है कि ठेकेदार द्वारा करीब 10 किलोमीटर क्षेत्र में केवल एक टैंकर से पानी का छिड़काव किया जा रहा है, जो नाकाफी साबित हो रहा है। सड़क पर धूल उड़ने से राहगीरों और आसपास के निवासियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है, साथ ही बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।
आफाक अंसारी ने कहा कि शासन-प्रशासन एवं नगर परिषद पोहरी को इस ओर ध्यान देना चाहिए और ठेकेदार को निर्देशित करना चाहिए कि हर एक-दो घंटे में नियमित रूप से पानी का छिड़काव कराया जाए, ताकि नागरिकों को धूल से राहत मिल सके और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से बचाव हो सके। स्थानीय लोगों ने भी जल्द समस्या के समाधान की मांग की है, ताकि निर्माण कार्य के साथ-साथ जनजीवन प्रभावित न हो।