आकांक्षी विकासखंड कोलारस में संपूर्णता अभियान 2.0 का शुभारंभ


शिवपुरी। नीति आयोग, भारत सरकार द्वारा संचालित आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम के अंतर्गत आकांक्षी विकासखंड कोलारस में संपूर्णता अभियान 2.0 का विधिवत शुभारंभ किया गया। अभियान का शुभारंभ मुख्य अतिथि कोलारस विधायक महेंद्र सिंह यादव तथा विशिष्ट अतिथि जनपद पंचायत अध्यक्ष भरत सिंह चौहान, ओ.पी. भार्गव सहित अन्य जनप्रतिनिधियों, ब्लॉक अधिकारियों एवं फ्रंट लाइन वर्कर्स की गरिमामय उपस्थिति में हुआ।

इस अवसर पर विधायक महेंद्र सिंह यादव ने कहा कि संपूर्णता अभियान केवल शासकीय कार्यक्रम नहीं, बल्कि इसे जन-आंदोलन के रूप में लागू करना है। उन्होंने कहा कि कोलारस का सर्वांगीण विकास हमारी प्राथमिकता है और मैदानी कार्यकर्ताओं की मेहनत से चयनित छह संकेतकों में शत-प्रतिशत उपलब्धि हासिल की जाएगी। उन्होंने स्वयं अभियान में सक्रिय सहभागिता का आश्वासन भी दिया।

जनपद पंचायत अध्यक्ष भरत सिंह चौहान ने कहा कि संपूर्णता अभियान 2.0 आकांक्षी विकासखंडों को समग्र विकास की दिशा में नई गति प्रदान करेगा तथा विकासखंड कोलारस को विकास के नए आयामों तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

कार्यक्रम में एसडीएम अनूप श्रीवास्तव ने अभियान के अंतर्गत चयनित प्रमुख प्रदर्शन संकेतकों की जानकारी देते हुए बताया कि इन्हें शत-प्रतिशत संतृप्ति तक पहुँचाने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार की गई है। उन्होंने कहा कि अभियान की साप्ताहिक समीक्षा की जाएगी, जिससे किसी भी प्रकार की बाधा को समय रहते दूर किया जा सके।

आकांक्षी ब्लॉक फेलो सौरभ भार्गव ने बताया कि अभियान के अंतर्गत छह मिशन-मोड लक्ष्यों पर विशेष फोकस रहेगा। इनमें 6 माह से 6 वर्ष तक के बच्चों को शत-प्रतिशत पूरक पोषण, आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों की नियमित मापन दक्षता, सभी स्कूलों में छात्राओं के लिए क्रियाशील शौचालय, आंगनवाड़ी केंद्रों में स्वच्छ पेयजल एवं क्रियाशील शौचालय की उपलब्धता तथा पशुधन को खुरपका-मुंहपका रोग से बचाने हेतु शत-प्रतिशत टीकाकरण शामिल है।

मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों ने अभियान के पोस्टर का विमोचन किया तथा डिजिटल माध्यम से बटन दबाकर अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित संकेतकों की पूर्ण संतृप्ति हेतु शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ अधिकारियों, ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों एवं मैदानी अमले ने सिग्नेचर वॉल पर हस्ताक्षर कर अभियान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.