पोहरी में नि:शुल्क विशाल स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित, 334 मरीजों की जांच


पोहरी। जिले के पोहरी अनुभाग अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोहरी में शनिवार, 14 फरवरी को रोटरी रीजनल मेडिकल मिशन शिवपुरी एवं स्वास्थ्य विभाग मध्य प्रदेश के संयुक्त तत्वावधान में नि:शुल्क विशाल स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया।

शिविर का आयोजन मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय ऋषीश्वर के मार्गदर्शन तथा बीएमओ डॉ. दीक्षांत गुधेनिया के नेतृत्व में किया गया। प्रातः 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक चले इस शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने ग्रामीणजनों का स्वास्थ्य परीक्षण कर नि:शुल्क परामर्श एवं उपचार प्रदान किया।

शिविर में कुल 334 मरीजों का परीक्षण किया गया, जिनमें से 57 मरीजों को उच्च स्वास्थ्य संस्थानों में रेफर अथवा सर्जरी हेतु चिन्हित किया गया। नेत्र रोग (मोतियाबिंद) के 31 मरीजों की जांच की गई, जिनमें से 4 मरीज ऑपरेशन हेतु चयनित किए गए। साथ ही 9 हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए।

विशेष जांच सेवाओं के अंतर्गत 80 व्यक्तियों की एनसीडी संबंधी जांच, 90 व्यक्तियों की आईसीटीसी जांच, 17 व्यक्तियों की मलेरिया जांच तथा 81 अन्य रोगों की जांच की गई। शिविर के दौरान 143 व्यक्तियों के एक्स-रे भी किए गए। कार्यक्रम में दीपेश सांखला, आशुतोष जैमिनी मंडल अध्यक्ष, रश्मि वर्मा अध्यक्ष, कृष्णलता शर्मा उपाध्यक्ष सहित जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों की सहभागिता रही।


Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.