छतरपुर। जिले के राजनगर थाना से एक बड़ी और दुखद खबर सामने आई है। पुलिस हिरासत में बंद एक आरोपी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आरोपी को धारा 151 के तहत थाने में निरुद्ध किया गया था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान राजेश पटेल के रूप में हुई है, जो ग्राम इमलया का रहने वाला बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी छतरपुर मुख्यालय से तत्काल मौके के लिए रवाना हो गए और जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस कस्टडी में हुई इस मौत ने थाने की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अधिकारियों द्वारा पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और पोस्टमॉर्टम सहित अन्य कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।