ग्वालियर। देशभर में महाशिवरात्रि की धूम के बीच ग्वालियर के सिंधिया रियासतकालीन ऐतिहासिक कोटेश्वर महादेव मंदिर में आस्था का विशेष दृश्य देखने को मिला। मध्य प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर अपने निवास से करीब 5 किलोमीटर पैदल चलकर भगवान भोलेनाथ के दर्शन करने पहुंचे।
इस दौरान मंत्री आम श्रद्धालुओं की तरह ही घंटों भक्तों की कतार में खड़े रहे और मंदिर परिसर में प्रवेश कर समर्थकों के साथ भगवान शिव का अभिषेक एवं पूजा-अर्चना की।
महाशिवरात्रि के अवसर पर उन्होंने कहा कि भगवान भोलेनाथ के दर्शन का सौभाग्य मिलना उनके लिए कृपा है और उन्होंने मंदिर में प्रार्थना की कि हर चेहरे पर खुशहाली बनी रहे तथा देश, प्रदेश और शहर निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़े।
आम लोगों की तरह कतार में लगकर दर्शन करने को लेकर उन्होंने कहा कि वह जनता के परिवार का हिस्सा हैं, पहले भी थे और आगे भी रहेंगे। उनके अनुसार VIP और सामान्य जैसी बातों का कोई महत्व नहीं है, क्योंकि उन्हें जनता के बीच रहना है और उसी के साथ जीवन की अंतिम यात्रा तक जुड़े रहना है।