उज्जैन। मोहन यादव ने उज्जैन में विक्रमोत्सव का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों की कई हस्तियों को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने 1 करोड़ 1 लाख रुपये का अंतरराष्ट्रीय विक्रमादित्य सम्मान, 21 लाख रुपये का राष्ट्रीय सम्मान तथा 5–5 लाख रुपये के तीन राज्य स्तरीय सम्मान प्रदान किए।
महोत्सव के दौरान भारतीय परंपरा और सांस्कृतिक विरासत पर आधारित भव्य प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र रही। शाम को आयोजित ‘शिवोह्म’ संगीत संध्या में प्रसिद्ध संगीतकार प्रीतम ने प्रस्तुति देकर उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम में सांसद अनिल फिरोजिया, नगर निगम सभापति कलावती यादव, विधायक अनिल जैन कालूखेड़ा तथा महापौर मुकेश टटवाल सहित जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
आयोजन की तैयारियां मध्यप्रदेश संस्कृति विभाग, विक्रमादित्य शोधपीठ और जिला प्रशासन द्वारा पूरी कर ली गई थीं। यह महोत्सव 15 फरवरी से 19 मार्च 2026 तक चलेगा, जिसमें संस्कृति, अध्यात्म और परंपरा का संगम देखने को मिलेगा।