खनियांधाना। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर समूचा खनियांधाना नगर शिवभक्ति में सराबोर नजर आया। पौठयाई मंदिर से प्रस्थान कर प्राचीन शिव मंदिर सीता पाठा तक निकली शिव बारात ने श्रद्धा और उत्साह का अनूठा माहौल बना दिया। मान्यता है कि इसी स्थल पर अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद ने अज्ञातवास बिताया था, जिससे आयोजन का महत्व और बढ़ गया।
भोलेनाथ की बारात में भूत-प्रेत आदि की आकर्षक झांकियां शामिल रहीं, जिन्होंने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। इस दिव्य एवं भावपूर्ण शोभायात्रा में हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी और पूरा वातावरण भक्ति रस से ओतप्रोत हो गया। मार्ग में जगह-जगह पुष्पवर्षा की गई और श्रद्धालुओं ने आरती उतारकर बाबा भूतेश्वर के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।
मुख्य मार्गों से गुजरती इस बारात में “हर-हर महादेव” के जयघोष और शंखनाद से क्षेत्र आध्यात्मिक ऊर्जा से गूंज उठा। भक्ति संगीत और मनमोहक झांकियों ने आयोजन को और भव्य बना दिया। बाबा भूतेश्वर का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी यह बारात निकाली गई, जिसमें नगरवासियों का उत्साह देखने लायक रहा।