कोलारस अनुविभाग के रन्नौद थाना क्षेत्र में थाने के ठीक सामने चल रही वाहन चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मियों और एक वाहन चालक के बीच विवाद हो गया। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। घटना के दौरान जमकर लात-घूंसे चले, जिसका वीडियो भी सामने आया है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि विवाद के दौरान पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट हो रही है। आरोप है कि वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस द्वारा वाहन चालक के साथ अभद्र व्यवहार किया गया, जिससे नाराज होकर विवाद बढ़ गया और बात हाथापाई तक पहुंच गई।
घटना की जानकारी मिलते ही वाहन चालक के परिजन बड़ी संख्या में रन्नौद थाने के सामने पहुंच गए और पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने बेवजह चालक के साथ मारपीट की, जबकि पुलिस का कहना है कि वाहन चालक ने चेकिंग के दौरान विवाद किया और स्थिति बेकाबू हो गई।
मामले ने तब और तूल पकड़ लिया जब पुलिस को पीटते हुए एक बीडीओ का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासनिक हलकों में भी हलचल मच गई है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि वीडियो और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर निष्पक्ष जांच की जाएगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
