डबरा। शहर में कानून-व्यवस्था को लेकर प्रशासन के तमाम दावे उस समय खोखले साबित होते नजर आए, जब डबरा रेलवे स्टेशन के बाहर दिनदहाड़े आधा दर्जन हमलावरों ने दो युवकों पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में विष्णु परिहार और आशु श्रीवास्तव गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल सिविल अस्पताल डबरा में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावर खुलेआम युवकों को पीटते रहे, जिससे आसपास मौजूद लोगों में दहशत का माहौल बन गया। हैरानी की बात यह रही कि घटना के दौरान मौके पर कोई भी सुरक्षाकर्मी नजर नहीं आया। बताया जा रहा है कि यह मामला सिटी थाना डबरा क्षेत्र का है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सूत्रों के मुताबिक मारपीट की यह वारदात रेलवे स्टेशन के मुख्य द्वार के बाहर हुई, जहां स्टेशन की सुरक्षा के लिए लगभग एक सैकड़ा पुलिसकर्मी तैनात बताए जाते हैं। इसके बावजूद स्टेशन के बाहर कुछ ही दूरी पर इस तरह की घटना होना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। हमलावरों ने युवकों के साथ डंडों, लात-घूंसों से बेरहमी से मारपीट की।
गौरतलब है कि डबरा में 10 से 20 फरवरी तक नवग्रह शक्तिपीठ प्राण प्रतिष्ठा का आयोजन चल रहा है, जिसके चलते हजारों श्रद्धालु शहर पहुंच रहे हैं। इसी को देखते हुए रेलवे प्रशासन द्वारा स्टेशन परिसर में पुख्ता सुरक्षा इंतजाम किए जाने का दावा किया गया था। ऐसे में स्टेशन के बाहर ही दिनदहाड़े हुई यह घटना प्रशासन और रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान लगा रही है।