ग्वालियर। ग्वालियर के सिरोल थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। लव मैरिज के बाद कथित धोखे का शिकार हुई एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले बनाए गए वीडियो में उसने अपनी मौत के लिए पति और ससुराल पक्ष को जिम्मेदार ठहराया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार जीडीए कॉलोनी निवासी वैष्णवी उर्फ प्राची ने करीब छह माह पहले परिवार के विरोध के बावजूद पुरानी छावनी निवासी राजू उर्फ सत्यनारायण भदौरिया से मंदिर और स्टांप पेपर पर प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद दोनों पति-पत्नी के रूप में ईस्ट मैरेडियन मल्टी में किराए के फ्लैट में रहने लगे, जो सिरोल थाना क्षेत्र में आता है।
बताया जा रहा है कि विवाह के कुछ समय बाद प्राची को पता चला कि उसका पति पहले से शादीशुदा है और उसके दो बच्चे भी हैं। यह सच्चाई सामने आने पर वह सीधे पति के घर पहुंची, जहां उसकी मुलाकात पति, पहली पत्नी और ससुर से हुई। आरोप है कि वहां उसके साथ मारपीट की गई और उसे अपमानित किया गया।
मानसिक आघात से आहत होकर प्राची वापस फ्लैट लौटी और पंखे से दुपट्टे का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और साक्ष्यों के आधार पर जांच प्रारंभ कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला द्वारा बनाए गए वीडियो और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।