पोहरी। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी परिवार संस्था द्वारा एकलव्य विद्यालय चयन परीक्षा में बच्चों को व्यापक सहयोग प्रदान किया गया। शिवपुरी जिले के पोहरी ब्लॉक में संचालित श्री रामकृष्ण विवेकानंद सेवा कुटीरों के लगभग 43 कुटीरों से 196 बच्चों के परीक्षा फॉर्म भरवाए गए, जिनमें से 174 विद्यार्थी चयन परीक्षा में सम्मिलित हुए।
संस्था द्वारा इन विद्यार्थियों को प्रवेश परीक्षा के लिए विशेष कोचिंग कुटीरों के माध्यम से मार्गदर्शन दिया गया। आवेदन प्रक्रिया से लेकर परीक्षा केंद्र तक पहुँचाने और परीक्षा के बाद सुरक्षित घर वापस छोड़ने तक की संपूर्ण व्यवस्था परिवार संस्था ने की। परीक्षा के दौरान बच्चों के लिए नाश्ते की भी व्यवस्था की गई, जिससे वे बिना किसी चिंता के आत्मविश्वास के साथ परीक्षा दे सकें।
उल्लेखनीय है कि परिवार (parivaar.org) एक प्रतिष्ठित समाजसेवी संस्था है, जिसकी स्थापना वर्ष 2003 में आईआईटी एवं आईआईएम से शिक्षित विनायक लोहानी द्वारा की गई थी। संस्था विभिन्न जिलों में शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में निःशुल्क सेवाएँ प्रदान कर रही है।
एकलव्य विद्यालय चयन परीक्षा में सफल होने वाले विद्यार्थियों को कक्षा 6 से 12 तक निःशुल्क आवासीय शिक्षा उपलब्ध कराई जाती है, जिससे ग्रामीण एवं वंचित वर्ग के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का अवसर मिलता है।
इसके अतिरिक्त संस्था द्वारा 24×7 निःशुल्क एंबुलेंस सेवा, मोबाइल मेडिकल यूनिट तथा नेत्र शिविरों के माध्यम से जरूरतमंद लोगों के आँखों के निःशुल्क ऑपरेशन कराए जा रहे हैं। बच्चों को पोषणयुक्त आहार एवं शैक्षणिक सहयोग भी उपलब्ध कराया जा रहा है।
पोहरी ब्लॉक में वर्तमान में 43 श्री रामकृष्ण विवेकानंद सेवा कुटीर संचालित हैं। यहाँ एक हेल्थ मोबाइल क्लीनिक एवं तीन एंबुलेंस निरंतर निःशुल्क सेवा दे रही हैं। एंबुलेंस सेवा हेतु परिवार एंबुलेंस का संपर्क नंबर 91795 26457 है।