350 किमी स्कूटी चलाकर आया प्रेमी, गर्लफ्रेंड के जीजा के घर खुद को मारी गोली

 

उज्जैन। नीलगंगा थाना क्षेत्र की बंगाली कॉलोनी में शनिवार शाम दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। बैतूल जिले के सारणी निवासी 24 वर्षीय निखिल आहके ने अपनी कथित गर्लफ्रेंड के जीजा के घर पहुंचकर खुद के सीने में गोली मार ली। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।

पुलिस के अनुसार निखिल का युवती से प्रेम संबंध था। युवती दो दिन पहले उज्जैन अपने जीजा विनय गायनी के घर आई थी। बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर वह निखिल से बात नहीं कर रही थी। इसी बात से आहत होकर निखिल करीब 350 किलोमीटर दूर सारणी से स्कूटी चलाकर उज्जैन पहुंचा।

घर में घुसकर परिजनों को कमरे में किया बंद

शनिवार शाम करीब 5:30 से 6 बजे के बीच निखिल बंगाली कॉलोनी स्थित घर पहुंचा। उस समय घर में युवती की बहन, जीजा की पत्नी और एक बच्चा मौजूद थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक निखिल ने घर में घुसते ही कहा, “आपकी बहन मुझसे बात नहीं कर रही, उसे कहिए मुझसे बात करे।”

बताया जा रहा है कि उसने घर में मौजूद महिला और बच्चे को एक कमरे में बंद कर दिया और अहाते में चला गया। युवती ने बहन के जरिए उसे वापस जाने को कहा। इसी दौरान निखिल अचानक कमरे में गया और अपने साथ लाई पिस्टल से खुद के सीने में गोली मार ली।

मौके पर मौत, पुलिस जांच में जुटी

गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ा। परिजन बाहर आए तो वह खून से लथपथ पड़ा था। सूचना मिलते ही नीलगंगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर पिस्टल की वैधता, घटनाक्रम और अन्य पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।


Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.