नई दिल्ली-आखिर देर रात को बड़े मंथन के बाद कांग्रेस ने लोकसभा चुनावों के लिए 20 और प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी। इनमें छह पंजाब, चार गुजरात, तीन झारखंड, दो-दो प्रत्याशी ओडिशा और कर्नाटक, एक-एक प्रत्याशी हिमाचल प्रदेश, दादरा नगर हवेली और चंडीगढ़ का है।
पार्टी ने पूर्व रेल मंत्री पवन कुमार बंसल को चंडीगढ़ सीट से प्रत्याशी बनाया है। पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की पत्नी और पूर्व केंद्रीय मंत्री परनीत कौर को पटियाला से प्रत्याशी बनाया गया है। इनके अलावा सुनील जाखड़ को गुरदासपुर, गुरतीज सिंह को अमृतसर, रवनीत सिंह बिट्टू को लुधियाना और संतोष सिंह चौधरी को जालंधर से फिर प्रत्याशी बनाया गया है। होशियारपुर से पार्टी ने राज कुमार छब्बेवाल को प्रत्याशी बनाया है।
हिमाचल प्रदेश की कांगड़ा सीट से पार्टी ने पवन काजल को उम्मीदवार बनाया है। झारखंड की रांची लोकसभा सीट से पार्टी ने पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय को मैदान में उतारा है।
