महाराजा के खिलाफ नहीं मिल रहा चौकीदार



राजनीतिक हलचल-राजनीति में हर बार ही एक नया मुद्दा उठाया जाता है जो आम आदमी की समस्या से कोई संबंध नहीं रखता है । इस बार चुनाव में भुनाने के लिए कांग्रेस ने चौकीदार यानी कि मोदी चोर है तो भाजपा ने पलटवार करते हुए पूरे देश में मैं भी चौकीदार हूँ कहकर कांग्रेस के मुद्दे पर नहले पे दहला चलने का प्रयास किया ।
मध्यप्रदेश में जनता जितना शिवराज सिंह को चाहती है उतनी ही कांग्रेस में ज्योतिरादित्य सिंधिया को,तभी तो भाजपा सहित भाजपा के सभी नेता कांग्रेस से ज्यादा सिंधिया को टारगेट करते हैं । अभी लोकसभा चुनाव में भाजपा को महाराजा के खिलाफ बहादुर चौकीदार की तलाश है । गुना - शिवपुरी सिंधिया का अजेय किला है और भाजपा इसे ढहाने की कोशिश में है लेकिन भाजपा सिंधिया के अभेद किले में सेंध नहीं लगा सकी । हर बार भाजपा ने अपना प्रत्याशी बदलकर देख लिया लेकिन कांग्रेसी रहे हरिबल्लभ शुक्ला को छोड़कर कोई भी कड़ी टक्कर नहीं दे सका ,पोहरी से कांग्रेस के टिकिट पर विधायक रहे और माधवराव सिंधिया के करीबी रहे हरिबल्लभ ने पाला बदलकर ज्योतिरादित्य सिंधिया को भाजपा की ओर से कड़ी टक्कर दी ।
इस चाल को भाजपा इस बार भी चलने की बिसात बिछा रही है, खबरों के मुताबिक पिछोर विधायक केपी सिंह कक्का जी की क्षेत्र में तूती बोलती है, शिवराज लहर से लेकर मोदी लहर केपी सिंह को हरा नहीं सकी, इस बार जब सूबे में कांग्रेस की सरकार बनी तो अंदाजा लगाया जा रहा था कि केपी सिंह को कैबिनेट में स्थान मिलेगा लेकिन केपी सिंह को मंत्री नहीं बनाया गया तबसे केपी सिंह कांग्रेस से नाराज चल रहे हैं । केपी सिंह इसके लिए सिंधिया को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं,केपी सिंह की नाराजगी  का फायदा उठाकर केपी सिंह को अपने पाले में लाना चाहती है ।खबर है कि केपी सिंह भी इस बात के लिए तैयार है और ऐसा सब कुछ सम्भव हुआ तो केपी सिंह को भाजपा सिंधिया के खिलाफ गुना से उतार सकती है । राजनीति में किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है और न ही राजनीति में कोई किसी का स्थायी विरोधी और समर्थक होता है इसलिए ये सब सम्भव हुआ तो एक बार फिर सिंधिया को कड़ी टक्कर मिलने के साथ ही उन्हें उनके ही घर में घेरा जा सकता है ।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.