मंत्री श्रीमती सिंधिया ने की विकास कार्यों की समीक्षा


शिवपुरी,-
प्रदेश की खेल एवं युवा कल्याण, तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया शुक्रवार को शिवपुरी भ्रमण पर आयीं। इस दौरान उन्होंने किसान सम्मेलन कार्यक्रम में भाग लिया। इसके बाद कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समीक्षा बैठक रखी। जिसमें शहर में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की और उन्होंने समय सीमा में निर्माण कार्यों को पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
मंत्री श्रीमती सिंधिया ने शहर विकास को लेकर टाउन एण्ड कंट्री प्लानिंग के सहायक संचालक को निर्देश दिए हैं कि शहर विकास के संबंध में नगर पालिका और टाउन एण्ड कंट्री प्लानिंग दोनों समन्वय से कार्य करें। यह ध्यान रखा जाए कि अवैध कॉलोनी विकसित नहीं होना चाहिए। नई कॉलोनी बनाई जा रही हैं उनके द्वारा आम नागरिकों को क्या-क्या सुविधाएं दी जा रही हैं और टाउन एण्ड कंट्री प्लानिंग की उसमें क्या भूमिका है उस पर ध्यान दें।
इसी प्रकार मंत्री श्रीमती सिंधिया ने थीम रोड निर्माण कार्य की समीक्षा की और कहा कि थीम रोड का काम गतिशीलता के साथ किया जाए। विद्युत विभाग द्वारा पोल शिफ्टिंग और पीडब्ल्यूडी द्वारा सड़क निर्माण का काम एक साथ चलना चाहिए। इसके लिए अधिकारी आपसी समन्वय से काम करें जिससे काम न रुके। उन्होंने थीम रोड का काम कर रहे ठेकेदार से भी चर्चा की। उन्होंने शहर की साफ सफाई के संबंध में नगर पालिका सीएमओ को निर्देश देते हुए कहा कि शहर में गंदगी नहीं दिखना चाहिए। नगर पालिका सफाई कर्मियों की ड्यूटी लगाये और नियमित सड़कों की सफाई की जाए।
Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.