शिवपुरी। नगर पालिका शिवपुरी में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोप अब प्रशासनिक कार्रवाई के केंद्र में आ गए हैं। विभिन्न निर्माण कार्यों में गड़बड़ी, फाइलों के गायब होने और नियमविरुद्ध फैसलों के आरोपों की जांच के बाद नगरीय विकास एवं आवास विभाग ने नपाध्यक्ष गायत्री शर्मा और सीएमओ इशांक धाकड़ को भोपाल तलब कर लिया है। मामले की सुनवाई 24 फरवरी 2026 को दोपहर 12 बजे विभाग के सचिव के समक्ष होगी।
पार्षदों की शिकायतों के बाद कलेक्टर रविन्द्र कुमार चौधरी द्वारा कराई गई जांच का प्रतिवेदन जुलाई 2025 में भोपाल भेजा गया था। इसी आधार पर 12 जनवरी को विभाग ने नपाध्यक्ष को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए स्वेच्छाचारिता, पक्षपातपूर्ण कार्रवाई, आर्थिक अनियमितताओं और निकाय की छवि खराब करने जैसे गंभीर आरोप लगाए। 15 दिन में जवाब नहीं देने पर एकपक्षीय कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई थी।
नपाध्यक्ष द्वारा जवाब भेजे जाने के बाद अब विभाग ने दोनों अधिकारियों को दस्तावेजों सहित पेश होने का आदेश दिया है। स्पष्ट कहा गया है कि अनुपस्थित रहने पर कार्रवाई एकतरफा की जाएगी।