क्राइम मीटिंग में एसपी के सख्त निर्देश, लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण पर जोर


शिवपुरी। पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ ने पुलिस कंट्रोल रूम शिवपुरी में समस्त एसडीओपी एवं थाना प्रभारियों की क्राइम मीटिंग लेकर जिले में अपराधों की समीक्षा की। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले सहित सभी अनुविभागीय अधिकारी एवं थाना प्रभारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने गंभीर एवं चिन्हित अपराधों में त्वरित कार्रवाई कर अधिक से अधिक आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। एक वर्ष से अधिक लंबित अपराधों तथा छह माह से अधिक लंबित चालानों के शीघ्र निराकरण पर विशेष जोर दिया गया। महिला संबंधी अपराधों में संवेदनशीलता बरतते हुए पीड़िताओं को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने और प्रकरणों में समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।

जनसुनवाई एवं सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों के त्वरित निराकरण, थानों में आने वाले फरियादियों के साथ बेहतर व्यवहार तथा शिकायतों के प्रभावी समाधान पर भी बल दिया गया। थाना क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों जैसे स्मैक, गांजा, जुआ और सट्टा पर सख्त कार्रवाई करने, हिस्ट्रीशीटर एवं जिलाबदर आरोपियों की नियमित निगरानी रखने तथा वारंटियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

साथ ही नाबालिग बालक-बालिकाओं की दस्तयाबी, आदतन अपराधियों की जमानत निरस्तीकरण की कार्रवाई, एससी/एसटी एक्ट के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण तथा एक साथ कॉम्बिंग गश्त चलाकर होटल-ढाबों की जांच करने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने सीसीटीएनएस पोर्टल के माध्यम से ई-रक्षक, ई-समंस और ई-साक्ष्य एप के अधिकतम उपयोग पर भी जोर दिया। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखना और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.